राजस्थान में शिक्षक भर्ती परीक्षा (रीट मैंस) के परिणाम का इंतजार अब खत्म होने वाला है। राजस्थान कर्मचारी चयन आयोग ने घोषणा की है कि मई महीने के आखिरी सप्ताह से शिक्षक भर्ती परीक्षा के परिणामों का प्रकाशन शुरू किया जाएगा। परिणामों को दो तरह से जारी किया जाएगा, पहले लेवल-1 के और फिर लेवल-2 के विभिन्न विषयों के परिणामों को जारी किया जाएगा।
राजस्थान कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा द्वारा बताया गया है कि छात्रों की आपत्तियों को देखते हुए एक्सपर्ट पैनल द्वारा समीक्षा की जा रही है। इसके पश्चात, मई के अंतिम सप्ताह में, लेवल-1 के परिणामों के साथ-साथ लेवल-2 के कुछ विषयों के पेपर के परिणाम भी घोषित किए जाने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही , जून माह की 15 तारीख से पहले, लेवल-2 के सभी विषयों के नतीजे भी जारी हो जाएंगे।
रीट में शामिल उम्मीदवार
कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 48 हजार पदों के लिए शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन 25 फरवरी से 1 मार्च तक किया गया था। इस परीक्षा में 9.65 लाख अभ्यर्थियों में से 9.02 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा के उत्तर पत्रों के जारी होने के बाद, अभ्यर्थियों से सवालों को लेकर कई आपत्तियां दर्ज की गई थीं, जिनमें लेवल-1 और लेवल-2 के मिलाकर कुल 77,939 आपत्तियां शामिल थीं।
इसके बाद, सूचना सहायकों की हड़ताल के कारण, आपत्तियों की जांच में देरी हुई थी। इस प्रकार, रीट के परिणाम की घोषणा अप्रैल के अंत और मई के प्रारंभिक सप्ताह तक स्थगित रही। अब, रीट के परिणाम की घोषणा मई के अंतिम सप्ताह से जून के दूसरे सप्ताह तक होगी।
दस्तावेज सत्यापन का जायजा
इस बार, 48 हजार पदों के लिए दोगुना हिसाब से 96 हजार अभ्यर्थियों को जांच के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इस बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच में विभाग को दो से तीन महीने तक का समय लग सकता है। इसके साथ ही राजस्थान में इस भर्ती परीक्षा के परिणाम में हो रही देरी के कारण लाखों उम्मीदवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पहले रीट-2021 के समय, सिर्फ लेवल-1 का फाइनल रिजल्ट जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को पदों की पोस्टिंग मिलने में दो महीने से अधिक समय लग गया था। यह बात ध्यान देने लायक है कि तब केवल 15,500 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया थी। हालांकि, इस बार 48,000 पदों पर भर्ती हो रही है। इस तरह, चुनावी वर्ष में अगर अभ्यर्थियों को अगस्त या सितंबर तक पदों की पोस्टिंग नहीं मिली, तो अक्टूबर में आचार संहिता की वजह से शिक्षक भर्ती प्रक्रिया भी अटक सकती है।
राजस्थान में बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव ने बताया कि शिक्षक भर्ती परीक्षा का रिजल्ट अभी तक जारी नहीं हुआ है। इसके कारण, प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं का इंतजार दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर, हमने 10 मई को कर्मचारी चयन आयोग के मुख्यालय को घेरा देकर रिजल्ट जारी करने की मांग की थी। हमने इस घेराव में बड़े स्तर पर लंबे ज्ञापन को भी सौंपा। इसके अलावा, हमने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी से मिलकर बेरोजगारों का पक्ष रखा था।
.jpg)